प्रीमियम उत्पाद

मंगल का धनु राशि में होना | Mars in Sagittarius sign

धनु राशि में मंगल का होना, अभिमान साहस, रुतबा, प्रसिद्धि, संपन्नता और विजय का सुख प्रदान करता है। मंगल ग्रह के धनु राशि में होने पर यह एक अनुकूल स्थिति होती है। मंगल और धनु राशि का एक साथ होना जबरदस्त ऊर्जा का संकेत देता है। यहां पर साहस और पराक्रम अत्यधिक मात्रा में प्राप्त हो सकता है। हर कार्य को कर गुजरने की क्षमता भी मिलती है। परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास प्राप्त होता है। यहां सोच में एकाग्रता साहस के साथ मिलकर कठिन कार्यों को भी सहजता से कर देने की योग्यता मिलती है। धनु राशि अग्नि तत्व युक्त द्विस्वभाव वाली राशि होती है और मंगल ग्रह क्रियाशील, अग्नि तत्व युक्त ग्रह है। इन दोनों में जबरदस्त ऊर्जा का विस्फोट देखने को मिल सकता है।

 

धनु राशि गुरु ग्रह की राशि है और गुरु का मंगल के साथ संबंध अनुकूल माना जाता है। सेनानायक मंगल को जब गुरु का ज्ञान प्राप्त होता है तो विजय पाने और रणनीतियों को बनाने में सफलता कई स्थानों पर मिलनी संभव दिखाई दे सकती है। इन दोनों का संबंध व्यक्ति को बौद्धिक ज्ञान वाला तथा प्रखरता भी प्रदान करता है। यहां उत्तेजना हो सकती है लेकिन उसमें सोच विचार के पश्चात काम करने की प्रवृत्ति भी होगी। यहां पर व्यक्ति क्रियाशील होगा लेकिन साथ में एकाग्रता के साथ काम करने में निपुण भी होगा। लक्ष्यों को साधने में सफलता भी मिलती है। मंगल के धनु राशि में होने पर जीवन में आर्थिक उन्नती प्रसिद्धि प्राप्ति को पाने में सफल होते हैं।

 

व्यक्तित्व एवं स्वभाव से होते है तेज तर्रार 

मंगल के धनु राशि में होने पर व्यक्ति के स्वभाव में गर्मी देखने को मिल सकती है, क्योंकि दोनों ही अग्नि तत्व युक्त होते हैं। व्यक्तित्व काफी ,मजबूत होता है और कर्मठ होते हैं। स्वभाव से परोपकारिता से जुड़े कामों को करने में भी आगे रहते हैं। धनु राशि बृहस्पति की राशि और कालपुरुष की कुंडली के नवम स्थान में आती है। इन दोनों स्थितियों का प्रभाव आध्यात्मिकता,  आत्मिक विकास, मनोविज्ञान, ज्ञान से संबंधित होता है। इस के प्रभाव से मंगल के धनु राशि में होने पर व्यक्ति में आध्यात्मिक प्रवृत्तियों को देखा जा सकता है। वह समाज को बदलने की भूमिका भी निभा सकता है। अपने प्रवचनों एवं विचारों से कई क्रांतिकारी बदलाव कर लेने में भी ये लोग काफी सफल हो सकते हैं। सामाजिक दृष्टि से इनका स्थान काफी अच्छा होता है। समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में भी स्थान प्राप्त कर सकते हैं। इनके कार्यों द्वारा कल्याण एवं उदारता का भाव भी देखने को मिलता है। 

 

मंगल के धनु राशि में होने के कारन स्वाभिमान भी इनमें बहुत अधिक होता है। कई बार इन्हें अभिमानी भी समझ लिया जाता है। ये अपनी बातों एवं विचारों से आसानी से हटना पसंद नहीं करते हैं तर्क युक्त बहस करने में कुशल होते हैं। इनके पास बातचीत का कौशल भी होता है। आवाज में ओज भी होता है। इनके बोलने का गहरा प्रभाव भी पड़ता है। जिद एवं गुस्सा इनमें अधिक रह सकता है। व्यर्थ की बातों में ये लोग अपना समय व्यतीत करना पसंद नहीं करते हैं। उचित कार्य एवं नियमों का पालन करना भी इन्हें पसंद होता है। ये लोग गरिमापूर्ण जीवन जीते हैं। दूसरों के दबाव में रहना इन्हें पसंद नहीं होता है। स्वतंत्र रुप से काम करना इन्हें पसंद होता है। किसी न किसी गतिविधियों में शामिल दिखाई दे सकते हैं। आलसी नहीं होते हैं तथा अपने कार्यों को पूरा करने में लगातार प्रयास करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं 

 

कार्यक्षेत्र और बिजनेस में लक्ष्यों को पाने में होते हैं सफल 

मंगल के धनु राशि में होने पर व्यक्ति के भीतर काम करने की अच्छी क्षमता दिखाई देती है। धनु राशि एक शिकारी भी कहलाती है जिसमें अपने लक्ष्यों को साधने की योग्यता जन्मजात होती है। इस कारण से मंगल की तीव्रता उसकी मेहनत जब धनु का योग पाती है तो कर्म स्थान में उपलब्धियों को दिलाने में सहायक होती है। अपने कार्यस्थल में चाहे घर हो या फिर बाहर व्यक्ति नेतृत्व करने में निपुण होता है। उच्च अधिकारियों को अपने विचारों एवं नीतियों से अपनी ओर कर लेने में भी इन्हें सफलता मिलती है। जहां काम करते हैं दूसरों का मार्गदर्शन करने में भी आगे रहते हैं। इन्हें भीड़ में चलना पसंद नहीं होता है। अपनी पहचान बनाना और भीड़ से अलग हट कर काम करने की इनकी प्रवृत्ति इन्हें जल्द ही लोगों के मध्य केन्द्रित कर सकती है। 

 

सरकारी एवं गैर सरकारी पक्ष में इनकी पकड़ अच्छी होती है। सरकार में उच्च प्रतिष्ठित पदों को पाने में सफल रह सकते हैं। ऐसे व्यक्ति कानून से जुड़े काम जैसे वकालत, जज, सेना अध्यक्ष, कर्नल, ब्रिगेडियर तक का पद पा सकते हैं। इनमें बहादुरी का गुण बहुत होता है जिसके द्वारा ये लोग सुरक्षा से जुड़े काम, या खतरनाक कामों को करने में आगे रह सकते हैं। खेल कूद में भी इन्हें अच्छा प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। एक अच्छे स्तर के खिलाड़ी हो सकते हैं। मार्केटिंग से जुड़े काम कर सकते हैं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ सकते हैं। इंजीनियरिंग और निर्माण से जुड़े कामों में भी ये बेहतरीन कार्य कर पाने में सफल हो सकते हैं। इनकी प्रतिभा लोगों से काम निकलवाने की भी अच्छी होती है इसलिए नेता का कार्य भी अच्छे से कर सकते हैं।  

 

प्रेम और विवाह संबंध होते हैं रोमांस से भरपूर 

मंगल के धनु राशि में होने पर व्यक्ति प्रेम का सुख पाता है। अपने प्रेमी की ओर से उसे अच्छा सहयोग भी प्राप्त होता है। व्यक्ति अपने साथी के लिए काफी विचारशील भी होता है। प्रेम में इनका यौन आकर्षण भी उत्तम होता है और रोमांस भी ये अच्छा करते हैं। अपनी भावनाओं को बताने से इन्हें कोई भय नहीं होता है दिल की बात को सामने रखने से दूर नहीं भागते हैं। प्यार इनके लिए नैतिकता और मूल्यवान भावना होती है। अपनी इच्छाओं को भी उसी रुप में प्रस्तुत करना पसंद करते हैं जो शालीनता एवं आचरण के अनुकूल होती है। प्रेमी के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह भी करना चाहते हैं। 

 

विवाह संबंध इनके अनुकूल रहते हैं। अपने जीवन साथी के प्रति जिम्मेदार होते हैं उसकी आवश्यकताओं को पूरा करने कोशिश भी करते हैं। रिश्ते में ये लोग कई बार अधिक हावी भी दिखाई दे सकते हैं लेकिन ये इनका सुरक्षा आवरण होता है जो ये अपने साथी को देना चाहते हैं। अपने परिवार के साथ रहना उनकी प्रसन्नता आनंद का ध्यान रखना भी ये लोग जानते हैं। सामाजिक रुप से मिलनसार होते हैं। रिश्तों की अहमियत को अच्छे से जानते हैं।

आप हमारी वेबसाइट से सभी भावों में मंगल के प्रभावग्रहों के गोचर और उसके प्रभावों के बारे में भी पढ़ सकते हैं।

ज्योतिष रहस्य