मुख्य पृष्ठ राशि चिन्ह अनुकूलता अन्य राशियों के साथ सिंह

प्रीमियम उत्पाद

सिंह राशि का प्रेम मिलान । Leo love Compatibility

Leo Love Compatibility

वैदिक ज्योतिष के अनुसार सिंह राशि वालों का मिलान मेष, मिथुन, तुला और धनु राशि वालों के साथ अच्छा माना जाता है। 

सिंह राशि का मेष से मिलान/ Leo Love Compatibility with Aries 

सिंह और मेष राशि वाले एक गर्मजोशी वाले मजबूत रिश्ते में बंधे होते हैं। प्यार को लेकर जीवन में दोनों की प्राथमिकताएं भी लगभग एक समान ही होती है। यह दोनों राशि वाले जन्म से ही काफी मजबूत होते हैं, यह हमेशा एक दूसरे के लिए खड़े रहते हैं। हालांकि दोनों के बीच कुछ वैचारिक मतभेद भी हो सकते हैं लेकिन कुछ समय के बाद दोनों फिर से मस्ती करते नजर आ सकते हैं। यौन जीवन की बात करें तो, दोनों के अंतरंग रिश्ते बिना किसी बदलाव के साथ काफी लंबा चलने वाला होता है। यह दोनों ही राशि वाले ऊर्जा और शक्ति से भरपूर रहते हैं। दोनों एक दूसरे को चाहते तो हैं लेकिन उनके प्यार के बीच में कभी-कभी उनका अहंकार आ जाता है। इससे दोनों एक दूसरे का अपमान कर बैठते हैं और दोनों के बीच बातचीत बंद हो सकती है। हालांकि यह दोनों एक दूसरे से ज्यादा समय के लिए दूर नहीं रह सकते हैं। एक दूसरे को माफ़ कर यह फिर से अपने प्यार की शुरुआत कर सकते हैं। 

सिंह राशि का वृषभ से मिलान/ Leo Love Compatibility with Taurus 

यह दोनों ही राशि वाले काफी आलसी किस्म के होते हैं और इसका असर दोनों के रिश्ते पर भी पड़ता हुआ दिखाई दे सकता है। एक साथ रहते हुए भी दोनों का रिश्ता एक समय के बाद बोरिंग हो जाता है। जहाँ एक तरफ वृषभ राशि वालों को अपने पार्टनर से प्यार पाने की लालसा रहती है, वहीं सिंह राशि वाले चाहते हैं कि कोई उनका ख़ास ख्याल रखे। इन दोनों राशि वालों के विचारों में काफी अंतर होता है और इस वजह से दोनों के प्रेम संबंध में उन्हें कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ सकता है। यह दोनों एक दूसरे की खातिर अपने आराम को कुर्बान नहीं कर सकते हैं। हालांकि वृषभ राशि वाले रिश्ते में मजबूती लाने के लिए सिंह राशि वालों का भरपूर ख्याल रखने की कोशिश भी करते हैं। इसके साथ ही सिंह राशि वाले भी रिश्ते में रोमांस बरक़रार रखने की पूरी कोशिश करते हैं। दोनों एक दूसरे की संतुष्टि और जरूरतों के बारे में भी सचेत रहते हैं। अलग राशि के होने के बावजूद भी दोनों की इच्छाएं काफी हद तक एक समान ही होती है। इन दोनों राशि वालों की उम्मीदें एक दूसरे से काफी ज्यादा रहती है और उसके पूरा ना होने पर रिश्ते में दरार भी आ सकती है। 

सिंह राशि का मिथुन से मिलान/ Leo Love Compatibility with Gemini 

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सिंह और मिथुन राशि का मिलान बेहद शुभ माना जाता है। दोनों का प्रेम जीवन बेहद सुखी बीत सकता है क्योंकि जहाँ मिथुन राशि वाले रिश्ते को परख कर अपने साथी पर जान तक न्योछावर करने को तैयार रहते हैं वहीं सिंह राशि वाले रिश्ते में गर्माहट बनाए रखने के लिए हमेशा कुछ न कुछ नया करते नजर आते हैं। वे एक दूसरे के साथ शारीरिक और मानसिक दोनों रूपों से गहरा जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। सिंह राशि वाले रिश्ते में स्थिरता लाने का प्रयास करते हैं और मिथुन राशि वाले रिश्ते को लंबे समय तक चलाने का प्रयास करते हैं। दोनों के स्वभाव में जमीन आसमान का अंतर होते हुए भी वे एक दूसरे को बेहतर तरीके से समझते हैं और एक दूसरे की सभी जरूरतों का बखूबी ध्यान भी रखते हैं। इसके साथ ही दोनों हमेशा एक दूसरे से सीखने का प्रयास करते हैं। उनके बीच ईर्ष्या ना के बराबर देखी जाती है। बहरहाल ऐसा कहा जा सकता है कि सिंह और मिथुन राशि का एक बेजोड़ मेल हो सकता है।  

सिंह राशि का कर्क के साथ मिलान/Leo Love Compatibility with Cancer 

यह दोनों राशि सूर्य और चंद्रमा शासित होती हैं। यह पति/पत्नी, राजा/रानी को भी दर्शाते हैं। हालांकि दोनों का आपसी रिश्ता कुछ ख़ास मजबूत नहीं माना जाता है। रिश्ते में गहराई लाने के लिए उनका भावनात्मक रूप से जुड़ना काफी अहम माना जाता है। चूंकि दोनों ही काफी भावुक किस्म के होते हैं इसलिए ज़रा सी ठेस लगने से उनका रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच सकता है। सिंह राशि वाले बेहद गर्मजोशी के साथ पेश आते हैं जिसे कर्क राशि वाले गलत समझ बैठते हैं। कर्क राशि वालों के सौम्य स्वभाव के कारण सिंह राशि वाले खुद अपनी हरकतों पर पछतावा करने लगते हैं। कर्क राशि की तुलना में सिंह राशि वाले बहुत कम भावुक होते हैं। दोनों का एक दूसरे के प्रति मौलिक आकर्षण होता है। हालांकि यौन जीवन की बात करें तो दोनों के बीच एक अच्छा अंतरंग रिश्ता स्थापित हो सकता है। रिश्ते की मधुरता बनाए रखने के लिए इन दोनों राशि वालों को एक दूसरे की बातों को अहमियत देना बेहद जरूरी है। 

सिंह राशि का सिंह से मिलान/ Leo Love Compatibility with Leo 

एक ही राशि के होने की वजह से दोनों के पसंद और नापसंद एक होते हैं, जिसका प्रभाव उनके रिश्ते पर पड़ता हुआ बखूबी दिखाई दे सकता है। यह उनके अंतरंग संबंध को भी काफी हद तक प्रभावित कर सकता है। अगर कुछ बातों को अनदेखा कर दें तो इन दोनों राशि वालों के बीच एक अच्छा रिश्ता बन सकता है। चूंकि इस राशि वालों को ऐसे साथी की तलाश होती है जो उन्हें अच्छी तरह से समझ सकें, बहरहाल एक जैसे होने की वजह से यह उनके रिश्ते के लिए एक सकारात्मक बात साबित हो सकती है। अपने रिश्ते में आपसी प्रेम बढ़ाने के लिए उनका एक दूसरे के साथ जुड़ाव महसूस करना बेहद जरूरी है। हालांकि उनके रिश्ते में सीमाएं नहीं होती और दोनों एक दूसरे का परस्पर सम्मान भी नहीं करते हैं। सिंह राशि वाले आत्मविश्वास से भरपूर साथी पसंद करते हैं। समान राशि के होने की वजह से वे रिश्ते में किसी भी तरह का समझौता करना बिल्कुल पसंद नहीं करते।

सिंह राशि का कन्या राशि से मिलान / Leo Love Compatibility with Virgo 

अपने रिश्ते को लेकर इन दोनों राशि वालों की प्राथमिकताएं समान होती है। हालांकि अपने शर्मीले स्वभाव के कारण कन्या राशि वाले अपनी भावनाओं को सिंह राशि वालों से साझा नहीं कर पाते हैं। सिंह राशि वालों के लिए रिश्ते में प्यार को महसूस करना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। जबकि कन्या राशि वाले उन्हें वह प्यार देने में सफल नहीं हो पाते हैं। दूसरी तरफ सिंह राशि वाले भी कन्या राशि वालों की भावनात्मक जरूरतों को पूरा करने में असफल पाए जाते हैं। दोनों का एक दूसरे के साथ आत्मिक जुड़ाव ना हो पाने का प्रभाव उनके यौन जीवन पर भी पड़ता है। इसके साथ ही कुछ परिवेशों में कन्या राशि वाले सिंह राशि वालों के साथ असुरक्षित भी महसूस कर सकते हैं। दोनों का एक दूसरे के साथ भावनात्मक जुड़ाव ना के बराबर होता है। कुल मिलाकर देखा जाए तो इन दोनों राशि वालों का मेल किसी भी हाल में उचित नहीं साबित होता है। 

सिंह राशि का तुला से मिलान/Leo Love Compatibility with Libra 

वैदिक ज्योतिष के अनुसार सिंह और तुला राशि का मिलान बेहद अच्छा माना जाता है। यह दोनों राशि वाले आपस में एक ख़ास प्रकार का अंतरंग और आत्मिक रिश्ता का अनुभव करते हैं। दोनों के बीच एक ख़ास रूमानी रिश्ता कायम हो सकता है जो उनके प्यार को और भी गहरा बना देते हैं। इसके साथ ही वे हमेशा एक दूसरे को प्रोत्साहित करते हैं और रिश्ते को बेहतर बनाने का प्रयास करते हैं। वो एक दूसरे का सम्मान करते हैं और रिश्ते में नयापन लाने के लिए हमेशा कुछ ख़ास करने की कोशिश करते हैं। उनका रिश्ता पुराना होने के बाद भी दोनों हमेशा एक दूसरे की तरफ आकर्षित रहते हैं। वो कभी भी एक दूसरे से अलग होने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं। उनकी जोड़ी की प्रशंसा बाहरी लोग भी करते हैं। सिंह राशि वालों के साथ अपने रिश्ते में तुला राशि वाले धैर्य से काम लेते हैं। जिसे उनके रिश्ते की सबसे बड़ी कुंजी भी माना जा सकता है। 

सिंह राशि का वृश्चिक से मिलान/Leo Love Compatibility with Scorpio  

यह दोनों राशि वाले बेहद मजबूत व्यक्तित्व के माने जाते हैं। लेकिन दोनों का आपसी रिश्ता इतना मजबूत नहीं साबित होता है। हालांकि उनका अंतरंग रिश्ता काफी अच्छा साबित हो सकता है। दोनों एक दूसरे की तरफ आकर्षित रहते हैं लेकिन एक दूसरे की इच्छाओं को पूरा करने में सक्षम नहीं हो पाते। इस वजह से एक समय के बाद उनके यौन रिश्ते में भी एक किस्म की दूरी आ जाती है। आपसी रिश्ते में इन दोनों राशि वालों से एक चूक यह भी हो जाती है कि, वो एक दूसरे को कंट्रोल करने का प्रयास करने लगते हैं। इसका बुरा प्रभाव उनके रिश्ते पर पड़ता है। प्यार और भावनाओं को लेकर दोनों के विचार एक दूसरे से काफी हद अलग रहते हैं। इन दोनों राशि वालों का रिश्ता तभी सफल हो सकता है जब दोनों एक दूसरे को कंट्रोल करने की कोशिश करना बंद कर दें। 

सिंह राशि का धनु से मिलान/ Leo Love Compatibility with Sagittarius 

सिंह और धनु राशि वालों का मिलान बेहद अच्छा और शुभ माना जाता है। दोनों के आपसी रिश्ते की गर्माहट और आग हमेशा बरक़रार रहती है। यह दोनों एक दूसरे के  विचारों और एकांत का सम्मान करते हैं। एक दूसरे को भरपूर स्पेस देते हैं ताकि उन्हें रिश्ते  में बंधा हुआ महसूस ना हो। हालांकि हर रिश्ते में कभी ना कभी कुछ कहा सुनी जरूर हो जाती है। हाँ लेकिन इन दोनों की विशेषता यह कि, मनमुटाव होने के बाद दोनों एक साथ मसले को सुलझाते हैं और एक दूसरे की बातों को सुनते हैं। सिंह और धनु एक दूसरे के मन की बातों को बिना साझा किये नहीं रह पाते हैं। दोनों एक दूसरे के साथ का भरपूर आनंद लेते हैं। उनका जुड़ाव केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक होता है। प्यार के मामले में उन्हें एक दूसरे को सरप्राइज देना बेहद पसंद आता है। धनु राशि वाले विशेष रूप से सिंह राशि के अपने पार्टनर के लिए कुछ ना कुछ नया हमेशा करते हैं। गहरा प्रेम संबंध होने के साथ ही दोनों एक दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त भी होते हैं। ऐसा कहा जा सकता है कि, वो एक दूसरे में इतने मग्न रहते है कि उन्हें किसी तीसरे की जरुरत ही नहीं पड़ती।  

सिंह राशि का मकर से मिलान/Leo Love Compatibility with Capricorn 

वैसे तो सिंह और मकर राशि वालों का मिलान कुछ ख़ास नहीं माना जाता है लेकिन वो एक दूसरे के प्रति काफी आकर्षित रहते हैं। इस वजह से कुछ समय के लिए तो दोनों का रिश्ता काफी मौज मस्ती भरा हो सकता है, लेकिन समय बीतने के साथ ही वो एक दूसरे से बोर होने लगते हैं। जहाँ सिंह राशि वाले अपने रिश्ते को लेकर बेहद उत्सुक और गंभीर होते हैं, वहीं मकर राशि वाले इसे महज कुछ वक़्त का ही साथ मानते हैं। स्वभाव से दोनों अहंकारी होते हैं और इस वजह से दोनों के बीच लड़ाईयां भी हो सकती है। दोनों एक दूसरे की आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा सकते हैं, और यह उनके रिश्ते का अंत भी कर सकता है। एक साथ जुड़ने के बाद भी दोनों के मन में रिश्ते के टूटने का डर हमेशा बना रहता है। सिंह और मकर राशि वालों के स्वभाव में काफी हद तक समानता होने के बावजूद भी दोनों एक दूसरे को समझ नहीं पाते हैं। हालांकि रिश्ते में जान डालने के लिए वो नए प्रयोग करते रहते हैं।  

सिंह राशि का कुंभ से मिलान/Leo Love Compatibility with Aquarius 

सिंह और कुंभ राशि वालों का एक दूसरे के प्रति गहरा आकर्षण रहता है। उनके रिश्ते की शुरुआत अच्छी हो सकती है लेकिन अंत के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। कुंभ राशि वाले आमतौर पर अपने पार्टनर को दबाने की कोशिश करते हैं। चूँकि सिंह राशि वालों के लिए उनका आत्मसम्मान काफी मायने रखता है इसलिए, दोनों के रिश्ते में दरार आने लगती है। इन दोनों राशि वालों के बीच प्यार की शुरुआत  काफी अच्छी होती है और दोनों एक दूसरे में खोए भी रहते हैं। लेकिन वक़्त के साथ उनके रिश्ते में कब बदलाव आ जाता है वो खुद भी नहीं जान पाते। सिंह और कुंभ राशि वालों के अंतरंग रिश्ते की बात करें तो उनके बीच सही तालमेल न बैठ पाने की वजह से उनका यौन जीवन भी खासा प्रभावित होता है। कुंभ राशि वालों को अपने पार्टनर से जिस प्यार की उम्मीद रहती है, वह उन्हें सिंह राशि वालों से नहीं मिल पाता है। बहरहाल देखा जाए तो इन दोनों राशि वालों का साथ बेहद मुश्किल भरा हो सकता है। 

सिंह राशि का मीन से मिलान/Leo Love Compatibility with Pisces  

इन दोनों राशि वालों के बीच प्यार तो रहता है लेकिन उनका मेल एक उपयुक्त मेल नहीं माना जा सकता है। जहाँ अंतरंग रिश्ते की बात आती है तो यह दोनों ही काफी स्वार्थी हो जाते हैं और एक दूसरे की पसंद नापसंद का बिल्कुल ख़याल नहीं रख पाते हैं। सिंह राशि वालों को ऐसा लग सकता है कि, मीन राशि वाले रिश्ते को लेकर संजीदा नहीं है। दूसरी तरफ मीन राशि वाले ऐसा सोच सकते हैं कि सिंह राशि वाले उन्हें कंट्रोल करने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि, दोनों की यह सोच उनके अलगाव का कारण भी बन सकता है। इसके अलावा भी बहुत सी ऐसी बातें है जिससे दोनों के बीच दूरियां आ सकती है। सिंह राशि वालों के उग्र स्वभाव के कारण मीन राशि वाले अपनी संवेदनशीलता खो सकते हैं। यह उनके बीच के प्रेम को पूरी तरह से ख़त्म करने का बड़ा कारण बन सकता है। सिंह राशि वालों के कुछ बर्ताव के कारण मीन राशि वाले उन्हें संवेदनहीन भी समझ सकते हैं। अपने रिश्ते को बरक़रार रखने के लिए इन दोनों को आपस में प्रेम और विश्वास बनाए रखना होगा। इसके साथ ही उन्हें एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। 

ज्योतिष रहस्य